बेमेतरा। Pradhan Mantri Awas Yojana Gramin के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में लापरवाही बरतने वाले हितग्राहियों पर अब प्रशासन सख्त हो गया है। समीक्षा में सामने आया कि कई लोगों ने पहली किस्त लेने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं किया या बीच में काम छोड़ दिया।
कलेक्टर के निर्देश पर ऐसे प्रकरणों की सूची तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है। सभी हितग्राहियों को अंतिम नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में निर्माण शुरू या पूरा नहीं करने पर दी गई राशि की वसूली की जाएगी।
आंकड़ों के अनुसार, बेमेतरा, बेरला, नवागढ़ और साजा जनपदों में सैकड़ों प्रकरण चिन्हित हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारण होने पर हितग्राही प्रमाण प्रस्तुत कर सकते हैं, अन्यथा जानबूझकर लापरवाही करने वालों पर राजस्व वसूली की कार्रवाई होगी।
अधिकारियों को योजना की नियमित निगरानी और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी पात्र परिवारों को समय पर पक्का मकान मिल सके।


