महासमुंद। जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका के पास जांच के दौरान एक संदिग्ध कार से 54 लाख 60 हजार रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, कार (CG 04 PY 7882) को रोककर तलाशी लेने पर उसमें रखे तीन बैगों से कुल 21.089 किलोग्राम चांदी के आभूषण मिले। वाहन में सवार विरेन्द्र प्रधान (50) निवासी मठपारा रायपुर और टिकेश कुमार साहू (38) निवासी उरला रायपुर से आभूषणों के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया और गवाहों की मौजूदगी में आभूषणों के साथ कार को जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी ओडिशा से रायपुर की ओर जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आभूषणों का स्रोत क्या है और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। अधिकारियों ने कहा कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


