रसोई में तेजी से लोकप्रिय हो रहे Induction Cooktop ने पारंपरिक गैस चूल्हों का एक सुरक्षित और आधुनिक विकल्प पेश किया है। इसमें न तो गैस सिलिंडर की जरूरत होती है और न ही खुली आग का उपयोग होता है। इंडक्शन चूल्हा बिजली से चलता है और खास तकनीक के जरिए सीधे बर्तन को गर्म करता है, जिससे खाना जल्दी और सुरक्षित तरीके से पकता है।
इस तकनीक का आधार Electromagnetic Induction है। इंडक्शन कुकटॉप के अंदर एक कॉइल लगी होती है, जिसमें से जब बिजली गुजरती है तो एक चुंबकीय क्षेत्र बनता है। जब उस पर लोहे या स्टील के विशेष बर्तन रखे जाते हैं, तो यह चुंबकीय ऊर्जा सीधे बर्तन में गर्मी पैदा करती है और उसी से खाना पकने लगता है। खास बात यह है कि इसमें चूल्हे की सतह ज्यादा गर्म नहीं होती, जिससे जलने का खतरा कम रहता है।
इंडक्शन चूल्हे को ऊर्जा दक्ष और सुरक्षित माना जाता है। इसमें तापमान को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है और गैस लीकेज जैसी समस्याओं का खतरा भी नहीं होता। यही वजह है कि आधुनिक किचन में इंडक्शन कुकटॉप तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और लोग इसे सुविधाजनक व सुरक्षित विकल्प के रूप में अपना रहे हैं।


