नई दिल्ली: छोटे नोटों की कमी की शिकायतों के बीच केंद्र सरकार ने एटीएम से भी 10, 20 और 50 रुपये के नोट उपलब्ध कराने की दिशा में पहल शुरू की है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री Pankaj Chaudhary ने राज्यसभा में बताया कि छोटे मूल्यवर्ग के नोटों की सप्लाई में कोई कमी नहीं है, लेकिन पारंपरिक एटीएम से आमतौर पर ऐसे नोट नहीं निकाले जाते।
उन्होंने कहा कि Reserve Bank of India ने छोटे नोट उपलब्ध कराने के लिए ‘स्मॉल वैल्यू डिस्पेंसर’ के जरिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इन विशेष एटीएम से 10, 20 और 50 रुपये के नोट निकाले जा सकेंगे, जिससे फुटकर की समस्या कम होगी।
सरकार के अनुसार चालू वित्त वर्ष में 26 फरवरी तक केंद्रीय बैंक ने बड़ी संख्या में छोटे नोट जारी किए हैं। इस दौरान 10 रुपये के 439.40 करोड़, 20 रुपये के 193.70 करोड़ और 50 रुपये के 130.30 करोड़ नोट बाजार में उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार का कहना है कि नकदी की मांग नोटों, सिक्कों और डिजिटल भुगतान के माध्यम से पूरी की जा रही है।


