हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah शनिवार को हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार: चार साल बेमिसाल’ में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम को लेकर शासन और प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल बैरागी कैम्प के साथ ही पूरे हरिद्वार शहर को सजाया-संवारा जा रहा है।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शुक्रवार को हरिद्वार का दौरा किया। उन्होंने बैरागी कैम्प पहुंचकर जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी तैयारियों को समय पर और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण अवश्य करें। साथ ही उन्होंने आम जनता की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार के बैरागी कैम्प में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। यह आयोजन राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
इस अवसर पर अमित शाह राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी तथा नई न्याय संहिताओं पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा वे राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


