कवर्धा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने होलिकोत्सव के पर्व को ध्यान में रखते हुए नागरिकों, कर्मचारियों और मैदानी अधिकारियों से विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा कि ट्रांसफार्मर, विद्युत खंभे और लाइनों के पास होलिका दहन न करें और रंगों की बौछार से बचें।
राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट ने बताया कि पर्व के दौरान शिकायत केंद्र और कॉल सेंटर पूरी तरह सक्रिय रहेंगे। उपभोक्ता 1912 पर दिन-रात कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, वाट्सऐप नंबर 9425551912 और “मोर बिजली ऐप” के माध्यम से भी विद्युत संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
श्री सेलट ने कहा कि विद्युत दुर्घटना से बचने के लिए बच्चों पर विशेष निगरानी रखना जरूरी है। उन्होंने उपभोक्ताओं को निर्देश दिया कि किसी भी दुर्घटना की सूचना तुरंत निकटतम विद्युत कार्यालय में दें। इसके अलावा, विभाग ने कहा कि अवकाश के बावजूद बिजली आपूर्ति या ट्रांसफार्मर खराबी जैसी समस्याओं का निवारण तत्काल किया जाएगा।
बिजली विभाग ने पर्व के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पूरी तैयारी की है। स्थानीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि किसी आकस्मिक घटना की स्थिति में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
श्री सेलट ने लोगों से अपील की कि सावधानी और शालीनतापूर्वक होलिका दहन करने से यह पर्व सभी के लिए सुरक्षित और हितकारी रहेगा। विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। विभाग ने कवर्धा और आसपास के सभी उपसंभागों के अधिकारियों के मोबाइल नंबर जारी किए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क किया जा सके।


