Pakistan और Afghanistan के बीच तनाव एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक’ नाम से बड़ी सैन्य कार्रवाई शुरू करने का दावा किया है। पाकिस्तानी सेना के मुताबिक इस ऑपरेशन के तहत सीमावर्ती इलाकों में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें करीब 180 लोगों के मारे जाने का दावा किया गया है। हालांकि अफगानिस्तान की ओर से इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और उसने कई दावों को खारिज किया है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सीमा पार से बढ़ती घुसपैठ और हमलों के जवाब में की गई है। पाकिस्तान का कहना है कि उसकी सुरक्षा चौकियों और सैन्य ठिकानों पर लगातार हमले हो रहे थे, जिसके बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया। वहीं अफगानिस्तान ने इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से दखल की मांग की है। सीमा के पास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात जल्द नहीं संभले तो दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा सकता है। क्षेत्रीय स्थिरता पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है, खासकर ऐसे समय में जब दक्षिण एशिया पहले से ही सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। फिलहाल सभी की नजरें दोनों देशों की सरकारों और संभावित कूटनीतिक पहल पर टिकी हुई हैं।


