नवा रायपुर में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के मास्टर प्लान पर हाल ही में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जमीन चयन, आधारभूत ढांचा और निवेश संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार, फिल्म सिटी को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा ताकि छत्तीसगढ़ को फिल्म और मनोरंजन उद्योग का नया केंद्र बनाया जा सके।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि फिल्म सिटी में शूटिंग फ्लोर, स्टूडियो, पोस्ट-प्रोडक्शन यूनिट, कलाकारों के लिए आवास, फिल्म प्रशिक्षण संस्थान और पर्यटन से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे न सिर्फ राज्य में फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
प्रशासन का मानना है कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी के शुरू होने से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही, नवा रायपुर में निवेश और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी। मास्टर प्लान को अंतिम रूप देने के बाद परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया जल्द शुरू किए जाने की संभावना है।


