दुबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Women’s Asia Cup 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप की ट्रॉफी जीती।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। भारत की पारी की सबसे बड़ी खासियत सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की शानदार बल्लेबाजी रही। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन की बेहतरीन साझेदारी की। शेफाली ने 39 गेंदों पर 68 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने 39 गेंदों में 59 रन की पारी खेली।
भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 111 रन पर रोका
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान चामरी अटापट्टू ने 36 रन बनाकर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए।
भारत की ओर से श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं दीप्ति शर्मा ने 19 रन देकर 3 विकेट झटके। भारतीय स्पिनरों के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज लगातार दबाव में नजर आए और पूरी टीम लक्ष्य से 72 रन दूर रह गई।
2024 की हार का लिया बदला
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का भी बदला ले लिया। भारत ने एक बार फिर महिला एशिया कप में अपना दबदबा साबित करते हुए खिताब अपने नाम किया।
कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने पूरे फाइनल में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया। भारत की इस जीत के साथ महिला एशिया कप में उसके खिताबों की संख्या अब 8 हो गई है, जो इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक है।
रायपुर में रोड रेज के बाद कारोबारी से मारपीट और लूट, कार टकराने के बाद युवकों ने की वारदात



