राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में गुरुवार सुबह धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। इसकी सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पड़ाव स्थित थोक मार्केट के पास बने धार्मिक स्थल में साईं बाबा, भगवान हनुमान और भगवान शिव की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलीं। घटना सामने आने के बाद आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
CG News: इंदौर-नागपुर वंदे भारत का बिलासपुर तक होगा विस्तार! जानिए नया रूट और प्रस्तावित टाइम-टेबल
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह धार्मिक स्थल पर लोगों की नजर क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं पर पड़ी। इसकी जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। कुछ ही देर में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति या लोगों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई। आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा सकती है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
फिलहाल पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।