Shiv Sena UBT Parliamentary Board Meeting: उद्धव ठाकरे अपनी पार्टी शिवसेना में हो रही टूट रोकने में नाकामयाब नजर आ रहे हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि शिवसेना ( UBT) की आज गुरुवार को हुई बैठक में सिर्फ 3 सांसद पहुंचे हैं. जबकि इस बैठक से 6 सांसदों ने दूरी बनाई है. इस बैठक के बाद माना जा रहा है कि पार्टी में टूट तय है. संसद भवन स्थित पार्टी कार्यालय में बुलाई गई बैठक में अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजा वाजे मौजूद रहे.
पार्टी ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को व्हिप जारी कर दिल्ली में होने वाली बैठक में मौजूद रहने का निर्देश दिया था. हालांकि 6 सांसदों ने इस व्हिप को नजरअंदाज किया है. मतलब साफ है कि उन्होंने अब बगावत का रास्ता ही अख्तियार कर लिया है. ‘
संजय दिना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश पाटिल अष्टीकर, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे और संजय जाधव बैठक में नहीं पहुंचे. दावा है कि इन 6 सांसदों ने अपना अलग संसदीय गुट बना लिया है. अरविंद सावंत ने कहा कि व्हिप का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, संजय राउत ने कहा कि बागियों को सबक सिखाने की जरूरत है.
सांसदों को किया गया किडनैप- संजय राउत
बैठक में सांसदों के शामिल न होने पर संजय राउत का बयान भी सामने आया है. संजय राउत ने कहा कि हमारे सांसदों को किडनैप किया गया है. जो बैठक में आएगा वो हमारे साथ है, जो नहीं आएगा वो गद्दार है. इससे एक दिन पहले आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में राउत ने बागी नेताओं को गालियां भी दी थी.
शिंदे गुट में शामिल हुए बागी?
महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर की आहट पिछले एक महीने से मिल रही थी. हालांकि उस समय पाट्री ने इसको नकारते हुए कहा था कि ऐसा कुछ नहीं होगा. इन सब के बीच अब शिवसेना एमएलसी चंद्रकांत रघुवंशी ने गुरुवार को दावा किया कि शिवसेना (UBT) के 6 सांसद शिवसेना में शामिल हो गए हैं. मतलब साफ है कि 4 साल बाद शिंदे ने एक बार फिर उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका दिया है.





