Mirzapur The Movie Teaser Release: मिर्जापुर सीरीज की सफलता के बाद अब ‘मिर्जापुर’ फिल्म सिनेमाघरों में अपना भौकाल जमाने के लिए आ रही है. कल मिर्जापुर का एक पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें एक कुर्सी और उसके चारों तरफ रखी बंदूकों ने फैंस को रोमांचित कर दिया था. वहीं आज मिर्जापुर फिल्म का टीजर भी रिलीज कर दिया गया है. फिल्म की एक झलक देखने के लिए फैंस कई दिनों से बेताब थे.
फिल्म ‘मिर्जापुर’ में एक बार फिर कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना भैया गद्दी के लिए खून की नदियां बहाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. मेकर्स द्वारा जारी किए गए इस टीजर से साफ हो गया है कि इस बार का खेल सिर्फ मिर्जापुर की गद्दी पर बैठना नहीं है, बल्कि खुद का एक बड़ा साम्राज्य खड़ा करने का है. आइए जानते हैं कि फिल्म मिर्जापुर के टीजर में क्या दिखाया गया है.
मिर्जापुर: द मूवी का टीजर है भौकाल
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का टीजर वाकई दमदार है. एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही इस फिल्म को लेकर फैंस काफी समय से सोच रहे थे कि इस बार कहानी में क्या नया देखने को मिलेगा. उनके इन सभी सवालों का जवाब इस टीजर में मिल गया है.
मेकर्स ने इस बार न सिर्फ कुछ नए किरदारों की एंट्री कराई है, बल्कि दमदार डायलॉग्स और कहानी में ऐसे ट्विस्ट डाले हैं, जो फैंस का उत्साह बढ़ाने के लिए काफी हैं.
फिल्म मिर्जापुर कब रिलीज होगी?
‘मिर्जापुर: द मूवी’ को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट मिलकर लेकर आ रहे हैं. इस फिल्म के डायरेक्टर गुरमीत सिंह हैं और इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है. रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इस फिल्म के मेन प्रोड्यूसर हैं, जबकि कासिम जगमागिया और विशाल रामचंद्रनी इसके को-प्रोड्यूसर हैं. यह जबरदस्त फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में बड़े स्तर पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.





