Donald Trump Air Force One: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए एयरफोर्स वन विमान का बीते दिन अनावरण किया गया. यह विमान मूल रूप से कतर की तरफ से अमेरिका को दिया गया एक लग्जरी Boeing 747-8 जेट है, जिसकी कीमत करीब 40 करोड़ डॉलर (लगभग 3300 करोड़ रुपये) बताई जा रही है. इसे फ्लाइंग व्हाइट हाउस भी कहा जा रहा है.
इस विमान को राष्ट्रपति के यूज के लिए खासतौर से तैयार किया गया है. इसमें अत्याधुनिक संचार प्रणाली, सुरक्षा उपकरण और मिसाइल-रोधी तकनीक जोड़ी गई है. विमान का नया रंग संयोजन लाल, सफेद, गहरा नीला और सुनहरा रखा गया है, जो पुराने एयरफोर्स वन के पारंपरिक डिजाइन से अलग है.
इसको लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप का कहना है कि मौजूदा राष्ट्रपति विमान काफी पुराना हो चुका है. दुनिया के अन्य नेताओं के आधुनिक विमानों की तुलना में पीछे रह गया था. उनके अनुसार, कतर से मिला यह विमान तब तक काम करेगा जब तक नए आधिकारिक एयरफोर्स वन विमान पूरी तरह तैयार होकर सेवा में नहीं आ जाते हैं.
किस बात को लेकर हो रहा विवाद
हालांकि इस विमान को लेकर अमेरिका में विवाद भी खड़ा हो गया है. विपक्षी नेताओं और कुछ विशेषज्ञों ने सवाल उठाया है कि किसी विदेशी सरकार से इतना महंगा उपहार स्वीकार करना उचित है या नहीं. इसके अलावा विमान को राष्ट्रपति की सुरक्षा जरूरतों के मुताबिक ढालने पर भारी खर्च आने की भी चर्चा है.
बताया जा रहा है कि इस विमान में बेहद आलीशान इंटीरियर, आधुनिक सुविधाएं और लंबी दूरी की उड़ान भरने की क्षमता है. ट्रंप ने इसे दुनिया के सबसे शानदार विमानों में से एक बताया है. आने वाले समय में यह अमेरिकी राष्ट्रपति की विदेश यात्राओं और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में इस्तेमाल किया जाएगा.





