महासमुंद : शहर के सपना बार में बार बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक द्वारा वेटर के साथ मारपीट और गला दबाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, ग्राम भलेसर निवासी विवेक कुमार कुर्रे (21) सपना बार में वेटर का काम करता है। 20 जून की रात करीब 12:10 बजे बार बंद करने का समय होने पर उसने ग्राहकों से बाहर जाने के लिए कहा। इसी बात पर हर्ष चंद्राकर और उसके साथी भड़क गए।
आरोप है कि नशे की हालत में हर्ष चंद्राकर ने वेटर के साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए हमला कर दिया। उसने वेटर का गला पकड़कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान बाबा घासीदास और एससी-एसटी एक्ट को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का भी आरोप है।
शहर में किराए का घर ढूंढना हुआ आसान, सरकार दे रही सस्ते आवास की सुविधा, जानें कैसे उठाएं लाभ
घटना के दौरान बार स्टाफ और मैनेजर ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो बाद में सामने आया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने हर्ष चंद्राकर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का ट्रांसपोर्ट व्यवसाय है और मामले की आगे जांच जारी है।





