दुर्ग के कार्यक्रम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे भुगतान, DBT के जरिए 632.40 करोड़ रुपये की राशि होगी अंतरित
महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त आज
रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना से जुड़ी अहम खबर है। योजना की 32वीं किस्त का भुगतान 8 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों के खातों में राशि का अंतरण करेंगे। इस बार 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
ई-केवाईसी पूरा करने वाले हितग्राहियों को भुगतान
अक्टूबर 2026 की 32वीं किस्त के लिए विभागीय अद्यतन आंकड़ों के अनुसार योजना में कुल 68 लाख 52 हजार 661 हितग्राही पात्र हैं। इनमें से निर्धारित प्रक्रिया के तहत 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राहियों के भुगतान को मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही नियद नेल्लानार योजना के हितग्राहियों की 12वीं किस्त के भुगतान के लिए 6,903 हितग्राहियों को भी शामिल किया गया है। इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को 32वीं किस्त की राशि DBT के जरिए भेजी जाएगी।
1 मार्च 2024 से लागू हुई थी योजना
महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से लागू की गई थी। योजना का लाभ लेने के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें पात्र पाई गईं 70 लाख 9 हजार 578 महिलाओं को 10 मार्च 2024 को पहली बार सहायता राशि का अंतरण किया गया था।
योजना के तहत अब तक 31 किस्तों में 20,075.71 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत अब तक वितरित कुल राशि 20,708.11 करोड़ रुपये हो जाएगी।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
सरकार के अनुसार, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस राशि का उद्देश्य महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। विभागीय जानकारी में यह भी कहा गया है कि योजना से मिलने वाली सहायता का उपयोग परिवारों में कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम से जुड़े प्रयासों में किया जा रहा है।



