IRS Priya Meena Success Story: यूपीएससी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्लान-बी कितना कारगर साबित हो सकता है? इसका सबसे बेहतरीन उदाहरण 2025 बैच की भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी प्रिया मीणा की सक्सेस स्टोरी है. प्रिया मीणा यूपीएससी परीक्षा में पांच बार असफल हुईं, लेकिन छठे प्रयास में उन्हें शानदार सफलता मिली. खास बात यह है कि यूपीएससी क्रैक करने से पहले ही प्लान-बी के तहत उनके हाथ में 5 सरकारी नौकरियां थीं.
IIT दिल्ली से स्नातक, सॉफ्टवेयर कंपनी में जॉब
प्रिया मीणा मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली हैं. इनके पिता गंगा सहाय मीणा दिल्ली पुलिस एसआई हैं. प्रिया मीणा ने आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल करने के बाद एक कंपनी में सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में काम किया. नौकरी के दौरान ही उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी. उन्होंने साल 2019 से लेकर 2024 तक हर साल यूपीएससी सीएसई दी. इन छह प्रयासों के दौरान वे तीन बार प्रारंभिक परीक्षा भी क्लियर नहीं कर सकीं, जबकि दो बार साक्षात्कार तक पहुंचकर अंतिम चयन से चूक गईं.
यूपीएससी में प्रिया मीणा के प्रयास
- यूपीएससी 2019: पहली बार परीक्षा दी और महज दो नंबरों से प्रीलिम्स में असफल हो गईं.
- यूपीएससी 2020: दूसरे प्रयास में प्रीलिम्स और मुख्य परीक्षा पास कर ली, लेकिन इंटरव्यू में 11 नंबरों से पिछड़ गईं.
- यूपीएससी 2021: लगातार दो बार असफलता से वे बेहद निराश हुईं और इस बार फिर से प्रीलिम्स भी पास नहीं कर पाईं.
- यूपीएससी 2022: चौथे प्रयास में उन्होंने फिर से प्रीलिम्स और मुख्य परीक्षा पास की. इंटरव्यू में 160 अंक हासिल करने के बावजूद अंतिम चयन से केवल 5 अंक दूर रह गईं.
- यूपीएससी 2023: पांचवें प्रयास में वे सीसैट का पेपर ही क्लियर नहीं कर पाईं.
- यूपीएससी 2024: छठे प्रयास में उन्होंने प्रीलिम्स, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू तीनों चरण सफलतापूर्वक पार किए और AIR-838 हासिल कर IRS (IT) बनीं.
निराशा के बीच कैसे बनाया प्लान-बी?
प्रिया मीणा ने अपने एक सोशल मीडिया वीडियो में बताया कि यूपीएससी में लगातार असफल होने के बाद वे काफी निराश हो गई थीं. उन्होंने सोचा कि यदि यूपीएससी में चयन नहीं हुआ तो आगे क्या करेंगी? इसी सोच के साथ साल 2021 में उन्होंने प्लान-बी पर काम करना शुरू किया. दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की. उन्होंने इंटेलिजेंस ब्यूरो, एसबीआई पीओ और आईबीपीएस पीओ की परीक्षाएं पास कर लीं. एक साथ तीन सरकारी नौकरियां हाथ में होने के बाद भी उन्होंने यूपीएससी का सपना नहीं छोड़ा. उन्होंने इन नौकरियों से एक्सटेंशन लिया और दोबारा यूपीएससी की तैयारी में जुट गईं. इसके बाद साल 2022 में उन्होंने अपना चौथा प्रयास दिया, लेकिन जब फिर असफलता मिली तो उन्होंने दोबारा अपने प्लान-बी का सहारा लिया. इस बार उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक में ग्रेड-बी ऑफिसर की परीक्षा पास की. उन्होंने आरबीआई में नौकरी जॉइन की और ड्यूटी के साथ-साथ यूपीएससी की तैयारी जारी रखी. इसी दौरान उनका चयन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया में डायरेक्टर के पद पर भी हुआ.
कोरबा में गौ माता पर सोशल मीडिया टिप्पणी से बवाल, युवा कांग्रेस और गौ सेवा रक्षक टीम में मारपीट

पति भी हैं आईएएस अधिकारी
प्रिया मीणा के पति विकास मरमट 2019 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. वे वर्तमान में आंध्र प्रदेश कैडर में कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं. विकास ने यूपीएससी परीक्षा 2018 में ऑल इंडिया 473वीं रैंक हासिल की थी. इससे पहले वे सहायक कलेक्टर (कडप्पा), उप कलेक्टर (टेक्कली) और नेल्लोर के नगर आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं.



