सारंगढ़। जिले में शनिवार दोपहर एक राइस मिल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। Sarangarh शहर से लगभग 6 किमी दूर कटेली रोड स्थित Kejri Rice Mill में लगी आग से परिसर में रखे हजारों क्विंटल धान इसकी चपेट में आ गए। आग लगने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के करीब दो घंटे बाद भी आग पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी थी और दमकल की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राइस मिल परिसर में बड़ी मात्रा में धान का भंडारण किया गया था, वहीं सूखे भूसे और छिलकों की मौजूदगी ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। यही वजह रही कि दमकल वाहन पहुंचने के बाद भी आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
आग इतनी भयानक है कि उसकी लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि आसपास के खेतों में पराली जलाने के कारण चिंगारी मिल परिसर तक पहुंची हो सकती है, जिससे आग भड़क गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय प्रशासन और मिल के कर्मचारी भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। वहीं District Rice Mill Association के पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


