राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने लाल किला ब्लास्ट मामले में जांच तेज करते हुए सोमवार को हंदवाड़ा के गुलोरा इलाके में एक कारोबारी के घर पर छापेमारी की। टीम ने मौके पर दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य संदिग्ध सामग्रियों की गहन जांच की।
सूत्रों के अनुसार, इस कारोबारी के तार ब्लास्ट केस से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। एजेंसियों का कहना है कि यह मामला किसी छोटे नेटवर्क का नहीं, बल्कि तथाकथित “व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल” से जुड़ा हो सकता है, जिसमें शिक्षित लोग, डॉक्टर और कारोबारी तक शामिल हैं।
गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को दिल्ली में हुए इस भीषण विस्फोट में 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस हमले का मुख्य आरोपी उमर उन नबी भी विस्फोट में मारा गया था।
फिलहाल NIA पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। एजेंसी द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, ताकि इस मॉड्यूल को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।


