मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान–अमेरिका–इजराइल के बीच जारी टकराव का असर वैश्विक बाजारों पर साफ दिख रहा है। सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। BSE Sensex 1300 अंक से ज्यादा लुढ़ककर 73,216 के करीब पहुंच गया, जबकि Nifty 50 420 अंक गिरकर 22,694 पर आ गया और 23,000 के नीचे फिसल गया।
टाटा स्टील, एसबीआई, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में गिरावट से बाजार में कमजोरी बनी रही। वहीं कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ी है।
भू-राजनीतिक तनाव के चलते एशियाई बाजारों में भी 5% तक गिरावट देखी गई, जबकि अमेरिकी फ्यूचर्स भी दबाव में हैं। इसका असर भारतीय मुद्रा पर भी पड़ा और रुपया 41 पैसे टूटकर डॉलर के मुकाबले 93.94 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, विदेशी निवेश की निकासी, मजबूत डॉलर और महंगे कच्चे तेल के कारण बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है।


