कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के एक सरकारी क्वार्टर में रविवार को कक्षा 11वीं की छात्रा की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतका की पहचान 16 वर्षीय सांची कंवर के रूप में हुई है, जो शहर के एक निजी स्कूल में अध्ययनरत थी। वह अपनी मां के साथ पुलिस लाइन परिसर में रह रही थी और मोगरा थाना में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक की भांजी बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस और सिविल लाइन थाना की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जब्त कर जांच में शामिल किया गया है। हालांकि, उसकी सामग्री सार्वजनिक नहीं की गई है।
कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल परिजनों, पड़ोसियों और पुलिस लाइन परिसर में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और मानसिक तनाव से जूझ रहे बच्चों के प्रति संवेदनशील रहें। जरूरत पड़ने पर परामर्श और सहायता लेने की सलाह भी दी गई है। मामले की जांच जारी है।


