एकलव्य स्कूल की छात्राओं का फूटा गुस्सा, समस्याएं लेकर 30 किमी पैदल अंबिकापुर के लिए निकलीं:
- सरगुजा। शिवपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की 30 से अधिक छात्राओं ने सोमवार को स्कूल की व्यवस्थाओं और हॉस्टल से जुड़ी समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। अपनी शिकायत कलेक्टर तक पहुंचाने के लिए छात्राएं करीब 30 किलोमीटर दूर अंबिकापुर जाने के लिए पैदल ही निकल पड़ीं। छात्राओं के इस कदम की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया।
- जानकारी के मुताबिक, छात्राएं हॉस्टल की समस्याओं और प्रिंसिपल के कथित मनमाने रवैये से नाराज बताई गईं। छात्राओं का कहना था कि वे पहले भी अपनी परेशानियों को लेकर शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन जब उन्हें समाधान नहीं मिला तो उन्होंने सीधे कलेक्टर से मुलाकात करने का निर्णय लिया।
छात्राओं के पैदल अंबिकापुर जाने की खबर मिलते ही ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला उनसे बातचीत करने के लिए बैलकोटा पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानने की कोशिश की, लेकिन छात्राओं ने सहायक आयुक्त से बात करने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि वे अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के सामने रखना चाहती हैं।
- छात्राओं के साथ स्कूल की शिक्षिकाएं भी पैदल चलने लगीं। शिक्षिकाओं ने सुरक्षा का हवाला देते हुए छात्राओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। इसके बाद प्रशासन की ओर से छात्राओं के लिए बस की व्यवस्था कराई गई और उन्हें बस से अंबिकापुर भेजा गया।
वहीं, स्कूल के शिक्षकों ने छात्राओं के आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए प्रिंसिपल का बचाव किया। शिक्षकों का कहना था कि स्कूल में नियमों के अनुसार काम किया जा रहा है और छात्राओं को किसी के द्वारा भड़काए जाने की बात कही गई। दूसरी ओर छात्राओं ने कहा कि वे खुद अपनी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना चाहती हैं।



