मार्च 2027 तक टोल प्लाजा पर नहीं रुकेंगी गाड़ियां! देशभर में खत्म होगी बैरियर और लंबी कतारें
नई दिल्ली/मुंबई। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए आने वाले समय में बड़ी सुविधा मिलने वाली है। केंद्र सरकार देश के टोल सिस्टम को पूरी तरह आधुनिक बनाने की तैयारी में जुटी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के अनुसार, सरकार का लक्ष्य मार्च 2027 तक टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार और इंतजार की समस्या को समाप्त करना है।
योजना के तहत देशभर के टोल प्लाजा को बैरियर-फ्री व्यवस्था की ओर ले जाया जाएगा, जिससे वाहन चालकों को टोल भुगतान के लिए रुकना नहीं पड़ेगा और हाईवे पर सफर पहले से अधिक तेज और सुगम हो सकेगा।
गडकरी ने फास्टैग व्यवस्था को देश की सफल डिजिटल पहलों में शामिल बताते हुए कहा कि शुरुआती दौर में सामने आई समस्याओं को लोगों के सुझाव और फीडबैक के आधार पर लगातार सुधारा गया है। अब सरकार टोल कलेक्शन सिस्टम को अगले स्तर पर ले जाने की दिशा में काम कर रही है।
मार्च 2027 के बाद हाईवे यात्रा का अनुभव बदल सकता है—न बैरियर, न लंबी लाइन और न ही टोल पर बेवजह इंतजार।



