बिलासपुर: शहर में नकली सोने के जरिए ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। एक महिला ज्वेलरी दुकान पहुंचकर नकली गहनों के बदले असली सोना लेने की कोशिश कर रही थी, लेकिन मैनेजर की सतर्कता से उसकी चाल नाकाम हो गई। बाद में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, श्री लीला ज्वेलरी के मैनेजर जलेश कुमार अहिरे 10 अप्रैल की शाम दुकान में मौजूद थे। तभी एक महिला वहां पहुंची और खुद को पूनम वर्मा बताते हुए एक जोड़ी टॉप्स और एक अंगूठी दिखाकर उन्हें 18 कैरेट सोना बताया। उसने इन गहनों के बदले अन्य सोने के आभूषण लेने की बात कही।
मैनेजर को गहने संदिग्ध लगे, जिसके बाद उन्होंने मशीन से जांच कराई। जांच में दोनों गहने नकली पाए गए। इस दौरान गहनों को काउंटर पर रखकर दुकान मालिक को सूचना दी जा रही थी, तभी महिला मौका देखकर गहने उठाकर वहां से फरार हो गई।
घटना के बाद 11 अप्रैल को दुकान संचालक की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच में महिला की पहचान पूनम वर्मा के रूप में हुई, जो नकली सोने को असली बताकर धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


