वजन घटाने से लेकर मसल्स बनाने तक, आजकल हर तरफ हाई प्रोटीन डाइट की चर्चा है. लेकिन कई लोग शिकायत करते हैं कि प्रोटीन बढ़ाने के कुछ ही दिनों बाद पेट फूलने लगा, गैस बनने लगी या कब्ज और दस्त जैसी दिक्कत शुरू हो गई. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो इसकी वजह सिर्फ प्रोटीन नहीं, बल्कि उसे खाने का तरीका भी हो सकता है. प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जितना ज्यादा प्रोटीन खाएंगे, उतना ही फायदा होगा. कई बार बिना तैयारी के अचानक प्रोटीन की मात्रा बढ़ा देने से शरीर उसे आसानी से नहीं अपना पाता और सबसे पहले असर पेट पर दिखाई देने लगता है. आइए जानते हैं कि हाई प्रोटीन डाइट के दौरान पेट क्यों बिगड़ जाता है और इससे कैसे बचा जा सकता है.
अचानक बढ़ाया प्रोटीन, तो पेट क्यों बिगड़ जाता है?
अगर आपकी डाइट में पहले प्रोटीन कम था और आपने एकदम से उसकी मात्रा बढ़ा दी, तो पाचन तंत्र को खुद को ढालने में समय लग सकता है. खासकर जब प्रोटीन के साथ फाइबर और पानी की मात्रा कम हो जाए, तब कब्ज, गैस और पेट फूलने जैसी परेशानी शुरू हो सकती है. कई लोग प्रोटीन पर इतना ध्यान देते हैं कि फल, सब्जियां और साबुत अनाज कम कर देते हैं. यही सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है.
हर प्रोटीन हर किसी को सूट नहीं करता
कुछ लोगों को दूध या दूसरे डेयरी प्रोडक्ट्स के प्रोटीन से दिक्कत हो सकती है. अगर शरीर लैक्टोज को ठीक से नहीं पचा पाता, तो पेट दर्द, गैस या दस्त की शिकायत हो सकती है. वहीं कुछ लोगों को कुछ खास प्रोटीन सप्लीमेंट्स में मौजूद दूसरे तत्व भी परेशान कर सकते हैं. इसलिए अगर किसी प्रोडक्ट के बाद बार-बार पेट खराब हो रहा है, तो उसकी वजह जानना जरूरी है.
CG VSK App विवाद पर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान, बोले- तकनीकी खामियां होंगी तो तुरंत होगा सुधार
सिर्फ प्रोटीन नहीं, पानी भी उतना ही जरूरी है
हाई प्रोटीन डाइट लेने वालों की एक आम गलती कम पानी पीना भी है. शरीर में पानी की कमी होने पर कब्ज की समस्या बढ़ सकती है. इसके अलावा पूरे दिन का प्रोटीन एक ही बार खाने के बजाय अलग-अलग समय पर लेना ज्यादा बेहतर माना जाता है. इससे पाचन तंत्र पर एक साथ ज्यादा दबाव नहीं पड़ता.






