दुर्ग में ई-चालान व्यवस्था को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आम जनता को ई-चालान से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, यह आरोप लगाते हुए RTO कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कई वाहन चालकों को बिना पर्याप्त जानकारी और स्पष्ट प्रक्रिया के चालान जारी किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में भ्रम और नाराजगी बढ़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर ई-चालान संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए विशेष हेल्पलाइन डेस्क शुरू करने की मांग की। उनका कहना है कि तकनीकी जानकारी के अभाव में कई लोग चालान की स्थिति, भुगतान प्रक्रिया और आपत्ति दर्ज कराने की व्यवस्था को समझ नहीं पा रहे हैं। हेल्पलाइन डेस्क शुरू होने से नागरिकों को त्वरित सहायता मिल सकेगी।
read also: छत्तीसगढ़ में कारोबारियों को बड़ी राहत, दुकान एवं स्थापना पंजीयन प्रमाणपत्र अब 24 घंटे में होगा जारी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया और हेल्पलाइन सुविधा शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं, RTO अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की मांगों पर विचार करने और उच्च स्तर पर प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया है।





