CG News: बस्तर के करपावंड में जमीन सीमांकन को लेकर हुए विवाद के बाद प्रशासन ने अब बड़ी कार्रवाई की है. तहसीलदार न्यायालय के आदेश पर पांच आवेदकों की जमीन का सीमांकन करने 19 तारीख को तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पुलिस बल मौके पर पहुंचा था.
जमीन विवाद में एक्शन, 12 लोगों को भेजा गया जेल
इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया और सीमांकन प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की. घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और प्रशासन ने लोक शांति भंग होने की के मद्देनजर 21 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है, जिनमें से 12 लोगों को जेल भेज दिया गया है.
मामले की जांच जारी
वहीं मामले में दो लोगों डाकीन नेताम और मनीराम बघेल पर शासकीय कार्य में बाधा डालने और राजस्व व पुलिस अधिकारियों के साथ हुज्जतबाजी करने का आरोप लगा है. दोनों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है और विवेचना के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों के पालन में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.





