देहरादून। ‘बिग बॉस 17’ से चर्चित हुए यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर अनुराग डोभाल को देहरादून पुलिस ने मारपीट के एक मामले में हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात हरिद्वार बाईपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान राज सिंह चौहान के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई। मामले में राज सिंह चौहान की शिकायत के आधार पर अनुराग डोभाल और अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
रात करीब 10 बजे मिली झगड़े की सूचना
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे कंट्रोल रूम को हरिद्वार बाईपास रोड पर कुछ युवकों के बीच झगड़े की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद नेहरू कॉलोनी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस का कहना है कि वहां अनुराग डोभाल और उनके साथियों का राज सिंह चौहान के साथ विवाद चल रहा था। स्थिति को शांत कराने के लिए पुलिस दोनों पक्षों को बाईपास चौकी लेकर गई।
चौकी पर भी दोबारा विवाद की स्थिति
पुलिस के अनुसार, चौकी पर बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान फिर से राज सिंह चौहान से विवाद करने लगे। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन तनाव बढ़ने की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
इसके बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों लोगों को BNSS की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया गया। इस दौरान चौकी के आसपास भी लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।
राज सिंह चौहान का मेडिकल कराया गया
पुलिस के मुताबिक, विवाद में घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया। उनकी शिकायत के आधार पर अनुराग डोभाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने जिन चार लोगों को हिरासत में लिया, उनमें अनुराग डोभाल (29), अभिषेक (22), अभय चौधरी (23) और कुर्बान (23) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अनुराग डोभाल खरड़, चंडीगढ़ के निवासी हैं। अभिषेक सहारनपुर, अभय चौधरी हरिद्वार और कुर्बान पानीपत, हरियाणा से संबंधित बताए गए हैं।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल विवाद के पूरे घटनाक्रम और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



