मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम से जुड़े पवित्र स्थलों के बीच यात्रा को और अधिक सुविधाजनक व तेज बनाने के लिए भारतीय रेलवे अयोध्या धाम और चित्रकूट धाम के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी में जुट गया है। रेलवे बोर्ड ने उत्तर रेलवे से इस नए रूट की फीजिबिलिटी रिपोर्ट तलब की है, जिसके आधार पर योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उम्मीद है कि जनवरी 2026 से यह हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रैक पर दौड़ना शुरू कर देगी, जिससे दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।रामायण सर्किट को आधुनिक रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में रेलवे लगातार काम कर रहा है।
read also: Srinagar Blast: दक्षिण श्रीनगर में नौगाम पुलिस स्टेशन में हुआ भयंकर विस्फोट, 9 की मौत, 29 घायल
आईआरसीटीसी की रामायण यात्रा ट्रेन के अलावा अयोध्या को पहले ही प्रयागराज, पटना, गोरखपुर, मेरठ और आनंद विहार जैसे प्रमुख शहरों से वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से जोड़ा जा चुका है। अब इसी कड़ी में चित्रकूट धाम को सीधे अयोध्या धाम से जोड़ने की तैयारी की जा रही है, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।


