शिक्षण सत्र शुरू हुए करीब दो माह बीत चुके हैं, लेकिन धमतरी जिले के ग्राम पंचायत बारना स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में अब भी शिक्षकों की कमी बनी हुई है। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से नाराज छात्र-छात्राओं, स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी है। इसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई।
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, नितिन नवीन की कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ के नेताओं को मिली जगह
कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने बताया कि पिछले तीन-चार साल से हिंदी, अंग्रेजी, रसायन शास्त्र, सामाजिक विज्ञान और भूगोल जैसे मुख्य विषयों के शिक्षक नहीं हैं। विद्यार्थियों ने कहा कि बोर्ड परीक्षा नजदीक है। ऐसे में इन विषयों की पढ़ाई नहीं होने से परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की चिंता है। विद्यार्थियों ने प्रशासन से जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की है। विद्यार्थियों का कहना है कि शिक्षण सत्र शुरू हुए करीब दो महीने हो चुके हैं, लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। समस्या को लेकर कई बार आवेदन भी दिए गए, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने कहा कि जब तक शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
ग्राम पंचायत बारना के सरपंच दीपक पटेल ने बताया कि शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए पहले भी प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। विभाग से जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की गई थी। साथ ही समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद शिक्षकों की कमी दूर नहीं हुई, जिसके बाद ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन समिति ने तालाबंदी का फैसला लिया। प्रदर्शन के दौरान बारिश भी छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों के हौसले को नहीं तोड़ सकी। बरसते पानी के बीच विद्यार्थी और ग्रामीण स्कूल के गेट पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है।



