अंबिकापुर दौरे पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनके द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान वित्त मंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ पारदर्शिता भी बनी रहे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए उनकी बातों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
read also: राष्ट्रपति भवन में बढ़ेगा छत्तीसगढ़ का मान, तीन जवान शौर्य चक्र से होंगे सम्मानित
ओपी चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी के खिलाफ जनप्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार या कार्यों में अनावश्यक विलंब की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशील और जवाबदेह बनकर कार्य करने की सलाह दी।


