खादी और ग्रामोद्योग आयोग में यंग प्रोफेशनल, कंसल्टेंट और सीनियर कंसल्टेंट के पदों पर नियुक्ति; मुंबई में होगी पोस्टिंग, जानें योग्यता और पारिश्रमिक
मुंबई। पोस्ट ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए खादी और ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) में काम करने का अवसर है। आयोग ने यंग प्रोफेशनल, कंसल्टेंट और सीनियर कंसल्टेंट के कुल 50 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इन नियुक्तियों के लिए अकाउंट्स, एडमिनिस्ट्रेशन, खादी, लीगल, मार्केटिंग, डिजाइन और साइंस एंड टेक्नोलॉजी समेत विभिन्न क्षेत्रों में उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
योग्य उम्मीदवार 30 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक KVIC के भर्ती पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
50 पदों पर होगी नियुक्ति
भर्ती अभियान के तहत 20 यंग प्रोफेशनल, 15 कंसल्टेंट और 15 सीनियर कंसल्टेंट पद भरे जाएंगे।
यंग प्रोफेशनल के 20 पदों में अकाउंट्स और ऑडिट के 5, HR और एडमिनिस्ट्रेशन के 4, खादी के 3, लीगल के 3, मार्केटिंग के 1, डिजाइन और ड्राफ्टिंग के 1, साइंस एंड टेक्नोलॉजी के 1 और पब्लिसिटी के 2 पद शामिल हैं।
किन उम्मीदवारों को मिलेगा मौका?
अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें अलग हैं। कई पदों के लिए संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री मांगी गई है।
अकाउंट्स और ऑडिट से जुड़े पदों के लिए CA, ICWAI, MBA Finance, M.Com. या M.Sc. Accounting/Finance जैसी योग्यता वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। वहीं आर्किटेक्चर, स्ट्रक्चर और डिजाइन से जुड़े पदों के लिए सिविल इंजीनियरिंग, स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग या आर्किटेक्चर में पोस्ट ग्रेजुएशन आवश्यक है।
प्रोक्योरमेंट से जुड़े पदों के लिए सरकारी खरीद, टेंडर, GFR, GeM और CVC गाइडलाइंस की जानकारी अपेक्षित है। खादी-क्वालिटी, डिजाइन और टेक्नोलॉजी पदों के लिए टेक्सटाइल या इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन तथा संबंधित क्षेत्र का अनुभव मांगा गया है।
लीगल पद के लिए लॉ में पोस्ट ग्रेजुएशन, जबकि मार्केटिंग पद के लिए मार्केटिंग, डिजिटल मार्केटिंग या ब्रांड मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएशन और संबंधित क्षेत्र का अनुभव आवश्यक है। साइंस एंड टेक्नोलॉजी, एडमिनिस्ट्रेशन तथा अन्य पदों के लिए भी संबंधित शैक्षणिक योग्यता और अनुभव निर्धारित है।
उम्र और पारिश्रमिक
यंग प्रोफेशनल पद के लिए उम्मीदवार की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 27 वर्ष से कम होनी चाहिए। कंसल्टेंट पद के लिए आयु सीमा 40 से 65 वर्ष है, जबकि सीनियर कंसल्टेंट के लिए उम्मीदवार की उम्र 39 वर्ष से कम होनी चाहिए।
यंग प्रोफेशनल को ₹25,000 से ₹30,000 प्रतिमाह पारिश्रमिक के साथ ₹2,500 से ₹3,000 ट्रांसपोर्ट अलाउंस मिलेगा। सीनियर कंसल्टेंट के लिए ₹30,000 से ₹40,000 प्रतिमाह पारिश्रमिक और ₹2,500 से ₹3,000 ट्रांसपोर्ट अलाउंस निर्धारित है। कंसल्टेंट का पारिश्रमिक KVIC के नियमों के अनुसार तय होगा।
एक साल के अनुबंध पर होगी नियुक्ति
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति शुरुआत में एक वर्ष के अनुबंध पर होगी। प्रदर्शन और संगठन की आवश्यकता के आधार पर अनुबंध को अधिकतम दो वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। चयनित उम्मीदवारों की पोस्टिंग KVIC केंद्रीय कार्यालय, मुंबई में की जाएगी।
आवेदन की अंतिम तारीख
इच्छुक उम्मीदवार 30 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों की आधिकारिक अधिसूचना में जांच कर लेना चाहिए।



