बिलासपुर : बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र के रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पांच लाख रुपये की फिरौती के लालच में हत्या की नीयत से श्याम कश्यप पर हमला किया था. मामले में पुलिस ने पूर्व में नितिन टेकाम व एक नाबालिग समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे कांग्रेस नेता श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. रेलवे अस्पताल के पास तीन नकाबपोश युवक डंडे और नुकीली वस्तु लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ मारपीट की. घटना की रिपोर्ट तारबाहर थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त बाइक की पहचान की. पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने बिलासपुर निवासी श्याम कश्यप की हत्या के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने का लालच दिया था. इसी के बाद आरोपी बिलासपुर पहुंचे और कथित तौर पर दीपक तिवारी के इशारे पर मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता पर हमला किया.
राजस्थान में बन रहा देश का पहला हाईस्पीड ट्रायल ट्रैक, 820 करोड़ की लागत से होगा तैयार
फरार आरोपी साहिल सोनकर निवासी समता नगर, गौरेला, जिला जीपीएम की लगातार तलाश की जा रही थी. मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे उसके घर पहुंचने के दौरान घेराबंदी कर हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर श्याम कश्यप पर डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 एवं 55 बीएनएस के तहत कार्रवाई की ज रही है.



