IMD Weather Update: देश में मॉनसून एक्टिव हो गया है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 11 राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है. जबकि कई जिलों में बारिश के साथ-साथ 85 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में फिलहाल एक सिस्टम एक्टिव है, ऐसे में उत्तर पश्चिमी भारतीय राज्यों में भी अच्छी बरसात होना शुरू हो गई है. अगले 3 से 4 दिनों में पूर्वी भारत में मॉनसून का रौद्र रूप सामने आ सकता है. पहाड़ी राज्यों में भी अगले कुछ घंटों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल चक्रवाती परिसंचरण बन रहा है, जिसके चलते अच्छी बरसात की संभावना बन रही है. कई राज्यों में वज्रपात और बिजली भी कहर बरपा सकती है.
बारिश के तीन सिस्टम एक्टिव
देश में फिलहाल मॉनसून के तीन सिस्टम एक्टिव नजर आ रहे हैं. जिससे कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है. गुजरात रीजन और महाराष्ट्र के सेंट्रल रीजन में बारिश का रेड अलर्ट है. इसी तरह से मध्य प्रदेश, राजस्थान, नागालैंड, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और गोवा में ऑरेंज अलर्ट है. जबकि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी-बिहार समेत 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, झारखंड, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ी राज्यों में भी बारिश आफत मचा सकती है, यहां लैंडस्लाइड का खतरा रहेगा, जबकि आंधी तूफान की भी संभावना बन रही है. ऐसे में लोगों को पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह मौसम विभाग की तरफ से दी गई है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में भी अगले कुछ घंटों में अच्छी बारिश होने के चांस हैं.
उत्तर प्रदेश-बिहार में तेज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में 23 जुलाई के दिन तेज बारिश की संभावना जताई है. लखनऊ, कानपुर, मिर्जापुर, बदायूं, सीतापुर, बाराबंकी, जालौन, हमीरपुर, महोबा, मथुरा, आगरा, मेरठ समेत आसपास के इलाकों में आज झमाझम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश हुई है. यहां हवा की रफ्तार भी 60 से 70 किलोमीटर रहने की संभावना है. इसी तरह से बिहार में भी मॉनसून एक्टिव दिख रहा है. यहां मौसम विभाग ने पटना, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार समेत बिहार के कई जिलों में तेज बरसात होने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक बारिश की वजह से तापमान गिरावट भी दिखी है.
दिल्ली-NCR में बरसात का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में भी आज अच्छी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने बरसात और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान हवा की रफ्तार दिल्ली-एनसीआर में 60 से 70 किलोमीटर के बीच रह सकती है. हालांकि तापमान में ज्यादा अंतर अब तक नहीं आया है. यहां बादल जिस हिसाब से छा रहे हैं उस हिसाब से बरसात नहीं हो रही है. दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में बीते 24 घंटे के दौरान रुक-रुककर बारिश हुई है. तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक रहा है. ऐसे में उमस भरी गर्मी का असर अभी दिल्ली-एनसीआर में बना हुआ है. अगले कुछ घंटों में अगर बारिश होती है तो यहां उमस से कुछ राहत मिल सकती है.
अगले 3 से 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम
- 23 से 25 जुलाई तक उत्तर-पश्चिमी और उत्तर पूर्वी राज्यों में अच्छी बारिश की संभावना है.
- भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 से 4 दिन मॉनसून फिलहाल पूरी तरह से एक्टिव है.
- यूपी, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में 23 से 25 जुलाई तक तेज बरसात होने के चांस हैं.
- 23, 24, 25 जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम में बदलाव दिखने वाला है, यहां बरसात हो सकती है.
उत्तराखंड-हिमाचल में अलर्ट जारी
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल, ऋषिकेश, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग और चमोली में अगले 24 घंटे में बारिश और आंधी का अलर्ट है. इसी तरह से हिमाचल प्रदेश में शिमला, बिलासपुर, सोलन, मंडी, कांगड़ा समेत आसपास के इलाकों में झमाझम बरसात होने वाली है. यहां तापमान में भी लगातार गिरावट हो रही है. जिसके चलते सुबह के वक्त धुंध छा रही है. मौसम यहां सुहाना हो गया है. लगातार बारिश की वजह से तापमान में गिरावट भी हो रही है. पहाड़ी राज्यों में सुबह के वक्त धुंध दिख रही है.






