धमतरी : छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने पत्नी के प्रेमी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शातिराना तरीके से हत्या की इस घटना को अंजाम दिया था। पहले अपनी पत्नी के प्रेमी को घर बुलाया। इसके बाद रात के अंधेरे में उसकी कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। यह पूरा मामला केरेगांव थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, ग्राम बाजार कुर्रीडीह में रहने वाली पूर्णिमा सोरी (31) पति योगेंद्र सोरी का प्रेम प्रसंग लगभग एक साल से मध्यप्रदेश के मंदसौर में रहने वाले शंकर सूर्यवंशी के साथ चल रहा था।
हैरान करने वाला मामला
हैरान करने वाला मामला ये है कि शंकर सूर्यवंशी समय-समय पर पूर्णिमा सोरी से मिलने उसके गांव आता-जाता था। लगभग 15 दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो बच्चियों के साथ शंकर के घर गई थी और चार-पांच दिन वहां रहने के बाद वापस अपने घर लौट आई थी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
इससे नाराज पूर्णिमा के पति योगेंद्र ने शंकर की हत्या की साजिश रच डाली और 8 जुलाई को जब शंकर बाजार कुर्रीडीह पहुंचा, तो योगेंद्र ने अपनी पत्नी से कहकर उसे घर बुला लिया। रात में भोजन करने के बाद पति-पत्नी, दोनों बच्चे और शंकर एक ही हॉल में सो गए। रात 3 बजे के आसपास योगेंद्र ने शंकर के गले पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर को तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ में पहली कक्षा में दाखिले का बदला नियम, अब 6 साल की उम्र होगी अनिवार्य
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या में इस्तेमाल होने वाले कुल्हाड़ी को बरामद कर आरोपी योगेंद्र सोरी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस ने अफवाह पर लगाया विराम
इस वारदात के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। शुरुआती दौर में यह अफवाह भी उड़ी कि मृतक पुलिस का जवान था, लेकिन पुलिस ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया है और स्पष्ट किया है कि युवक किसी भी फोर्स में नहीं था।






