कोरबा : जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमान में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में कृषि कार्य कर रहे पिता-पुत्र इसकी चपेट में आ गए। हादसे में पिता मनीराम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र धनेसवर पटेल बेहोश हो गया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, मनीराम पटेल अपने पुत्र धनेसवर के साथ खेत में काम कर रहे थे। मनीराम खेत की मेड़ पर खड़े थे, जबकि धनेसवर खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों इसकी चपेट में आ गए। कुछ देर बाद होश में आने पर धनेसवर ने 108 एंबुलेंस की मदद से अपने पिता को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ों और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें तथा खराब मौसम में सुरक्षित स्थान पर ही रहें।






