Vaibhav Sooryavanshi: महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से भारतीय टी20 टीम में जगह बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बने इस युवा बल्लेबाज के लिए वहां विशेष इंतजाम किए जाएंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक वैभव को इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया के बाकी खिलाड़ियों से अलग ड्रेसिंग रूम उपलब्ध कराया जाएगा.
भारतीय टी20 टीम में मिली जगह
दरअसल 15 वर्षीय भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है. इस विदेशी दौरे पर अगर वैभव को डेब्यू करने का मौका मिलता है तो वह टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे. हालांकि मैदान पर उतरने से पहले उन्हें अपने साथई खिलाड़ियों से अलग ड्रेसिंग में रहना होगा.
वैभव को क्यों मिलेगा अलग ड्रेसिंग रूम?
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की सेफ़गार्डनिंग पॉलिसी के मुताबिक 16 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों को एडल्ट खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने की अनुमति नहीं हैं. क्योंकि वैभव अभी महज 15 साल के ही हैं, इसलिए उन्हें टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ियों के साथ चेंजिंग रूम इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं है और इसी लिए उन्हें अलग ड्रेसिंग रूम उपलब्ध कराया गया है. ऐसे में वैभव टीम के अन्य सीनियर खिलाड़ियों के साथ टीम मीटिंग, प्रैक्टिस सेशन और मैच की तैयारियों में शामिल होंगे, लेकिन कपड़े बदलने और शॉवर सुविधा के लिए उन्हें अलग रूम दिया जाएगा.
आयरलैंड दौरे पर भी लागू होगा नियम
इसके अलावा क्रिकेट आयरलैंड ने भी पुष्टि की है कि आयरलैंड दौरे के दौरान भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर यही नियम लागू होंगे. आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए उन्हें अलग ड्रेसिंग रूप उपलब्ध कराया जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान टीम इंडिया को तीन अलग-अलग कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि सुरक्षा के सभी नियमों का पालन किया जा सके.





