Modi cabinet reshuffle: देश की राजधानी दिल्ली में आज यानी कि गुरुवार को मोदी सरकार की केंद्रीय मंत्रिमंडल की आज मीटिंग होने वाली है. इसको लेकर एक दिन पहले ही पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के बाद इस तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं कि जल्द ही मोदी मंत्रिमंडल में बदलाव देखने को मिल सकता है. एक दिन पहले ही केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.
मोदी मंत्रिमंडल में दो ऐसे नेता हैं जिनका कार्यकाल समाप्त हो गया है. इनमें से एक जॉर्ज कुरियन ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. वहीं रवनीत सिंह बिट्टू ने अब तक इस्तीफा नहीं दिया है.
पार्टी ने हाल ही में राज्यसभा चुनावों में दोनों ही नेताओं को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है. ऐसे में यह साफ माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मोदी मंत्रिमंडल में बदलाव देखने को मिल सकता है.
किन नेताओं को मिल सकती है जगह
एनडीए में पिछले कुछ महीनों के भीतर कई विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए हैं, इनमें आम आदमी पार्टी, टीएमसी और उद्धव गुट के नेता शामिल हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि जिन नेताओं ने पद छोड़ा है उनकी जगह दूसरे दलों से आए नेताओं को जगह दी जा सकती है. ऐसा इसलिए भी क्योंकि दोनों ही सदनों में बीजेपी खुद को मजबूत करना चाहती है.
पिछले कुछ महीनों में आम आदमी पार्टी से जुड़े 7 सांसद हैं, बीजेपी में शामिल हुए हैं. जिनमें राघव चड्ढा भी शामिल हैं. TMC के 28 में से 20 लोकसभा सांसद त्रिपुरा की नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी (NCPI) में विलय कर चुके हैं. इन सांसदों ने NDA को समर्थन देने की बात कही है.उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर शिंदे गुट में गए 6 सांसद भी शामिल हैं. ऐसे नेताओं को सरकार या संगठन में भूमिका मिलने की चर्चा है.
चुनावों को ध्यान में रखकर होगा फैसला
अगले साल पंजाब और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी इन्हीं चुनावों को ध्यान में रखते हुए फैसला लेगी. इस बात की संभावना भी ज्यादा है कि पंजाब और यूपी के नेताओं को भी तरजीह दी जा सकती है.





