Durg: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट री-एग्जाम को लेकर दुर्ग जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रही है. 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जिले के सभी 19 परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू कर दी गई है.
500 मीटर के दायरे को साइलेंस जोन घोषित
साथ ही परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे को साइलेंस जोन घोषित किया गया है, जहां किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. दरअसल दुर्ग जिले में 21 जून को होने वाली नीट यूजी परीक्षा में कुल 6 हजार 939 परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षा के लिए जिले में 19 केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है.
55 अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी
परीक्षा को निर्विघ्न और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए तहसीलदार, नायब तहसीलदार और अतिरिक्त तहसीलदार सहित कुल 55 अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. वहीं सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 150 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे. परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के प्रचार-प्रसार पर रोक लगाई गई है.
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
कोचिंग संस्थान, शैक्षणिक मार्गदर्शन केंद्र, बुक स्टॉल संचालक और अन्य व्यक्तियों द्वारा परीक्षार्थियों को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के प्रचार या सामग्री वितरण की अनुमति नहीं होगी. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयास से परीक्षा को पूरी सुरक्षा और शांति के माहौल में संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है.





