नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। बैठक से पहले पीएम मोदी ने सहयोगी दलों के नेताओं के साथ पश्चिम बंगाल के लोकप्रिय स्नैक ‘झालमुड़ी’ का स्वाद लिया। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नेताओं के साथ अनौपचारिक बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि पीएम मोदी बेहद सहज माहौल में एनडीए नेताओं के साथ समय बिताते हुए झालमुड़ी का आनंद ले रहे हैं। इस खास पल ने राजनीतिक बैठकों के बीच एक हल्का और आत्मीय माहौल बना दिया। भाजपा और एनडीए के कई नेताओं ने भी इस अवसर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं, जिन्हें लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
read also: बिजली के लिए ग्रामीणों का अनोखा विरोध: 48 गांवों के 500 लोगों ने खून से PM मोदी को लिखा पत्र
भारत मंडपम में आयोजित इस बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीतियों और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। हालांकि, बैठक के औपचारिक एजेंडे के बीच पीएम मोदी का नेताओं के साथ झालमुड़ी खाते हुए दिखना चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर यूजर्स इस वीडियो को काफी पसंद कर रहे हैं और प्रधानमंत्री के इस सहज अंदाज की सराहना कर रहे हैं।





