बिलासपुर। साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कमीशन का लालच देकर लोगों के बैंक खाते, पासबुक और अन्य वित्तीय जानकारी जुटाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने का आरोप है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 29 मई को सूचना मिली थी कि तितली चौक स्थित एसबीआई बैंक के आसपास एक युवक लोगों से बैंक खाते और पासबुक की जानकारी मांग रहा है तथा इसके बदले कमीशन देने का प्रलोभन दे रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पूछताछ और जांच के दौरान साइबर ठगी से जुड़े म्यूल अकाउंट नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से संबंधित दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की। मामले में आगे की जांच जारी है।



