रायपुर: राजधानी में हवाला नेटवर्क से जुड़ा 35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस घटना में मुंबई के एक हवाला कारोबारी के कर्मचारी को निशाना बनाया गया। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के VIP रोड पर ठगों ने नोट के सीरियल नंबर के जरिए भरोसा जीतकर रकम लेकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, मुंबई के बांद्रा ईस्ट निवासी करण शर्मा ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके मालिक ने उन्हें एक पार्टी से 35 लाख रुपये लेने और दूसरी पार्टी को सौंपने के निर्देश दिए थे। इसी दौरान तीसरी पार्टी को रकम देने के लिए 20 रुपये के नोट का सीरियल नंबर साझा किया गया था।
ठगों ने इसी प्रक्रिया का फायदा उठाया और सीरियल नंबर में हेरफेर कर कर्मचारी को भ्रमित कर दिया। VIP रोड पर रकम सौंपते ही आरोपी 35 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। बाद में जब नोट के सीरियल नंबर का मिलान किया गया, तब ठगी का खुलासा हुआ।
मामले में तेलीबांधा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में हवाला नेटवर्क से जुड़े लोगों की संलिप्तता हो सकती है।


