रायपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी में एक बड़ा साइबर ठगी का प्रयास सामने आया है, जहां कंपनी के एमडी राजेश कुमार शुक्ला के नाम का दुरुपयोग कर अज्ञात ठगों ने अधिकारियों को झांसे में लेने की कोशिश की। हालांकि, अधिकारियों की सतर्कता से यह प्रयास विफल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, कंपनी के कुछ अधिकारियों को एक फर्जी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप संदेश भेजे गए। संदेश में खुद को एमडी बताते हुए ठगों ने कहा कि वे एक अहम बैठक में व्यस्त हैं और तत्काल 49 लाख 60 हजार 801 रुपये आरटीजीएस के जरिए एक खाते में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। संदेश में बैंक विवरण भी साझा कर जल्दबाजी का दबाव बनाया गया।
संदेश की पुष्टि करने पर मामला फर्जी निकला। इसके बाद तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई। घटना की जानकारी मिलते ही एमडी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से बचने के निर्देश दिए।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, ठग अक्सर “मीटिंग में हूं”, “तुरंत भुगतान करें” और “गोपनीय रखें” जैसे वाक्यों का इस्तेमाल कर मानसिक दबाव बनाते हैं, ताकि लोग बिना जांच के पैसे ट्रांसफर कर दें।
प्रबंधन ने अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ईमेल पर भरोसा न करें, संबंधित नंबर को ब्लॉक करें और तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।


