कांकेर,। जिले के माचपल्ली जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई के दौरान 4 लाख की इनामी एसीएम रैंक की महिला नक्सली रंगाबोइना भाग्या उर्फ रूपी मारी गई।
जानकारी के अनुसार छोटेबेठिया–परतापुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबल सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। माचपल्ली क्षेत्र में नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में रूपी ढेर हो गई।
मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में घटनास्थल से पिस्टल, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
बताया जा रहा है कि रूपी पिछले 20 वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़ी थी और माड़ डिवीजन में सक्रिय थी। बस्तर रेंज आईजी ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए शेष नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील की है।


