बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडरवा में बुधवार को अवैध संबंध के शक में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। 46 वर्षीय सुरेश श्रीवास ने शेख सलीम के घर में घुसकर परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय मुराद बेगम की मौत हो गई, जबकि छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुरेश को अपनी तलाकशुदा पत्नी और शेख सलीम के बीच संबंध होने का शक था, जिसको लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। घटना के दिन वह अपने दो नाबालिग बेटों के साथ हथियार लेकर सलीम के घर पहुंचा। सलीम के घर पर नहीं होने पर उसने परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दोनों नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर जांच शुरू कर दी गई है।


