धमतरी जिले में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग व कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक जांच अभियान चलाया।
इस दौरान शांति कॉलोनी स्थित ‘मालिक केटर्स’ में बड़ी अनियमितता सामने आई। रिकॉर्ड के अनुसार प्रतिष्ठान के पास 40 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का कनेक्शन दर्ज है, लेकिन मौके पर केवल 23 खाली सिलेंडर ही पाए गए। शेष 17 सिलेंडरों के संबंध में संचालक महेश कुमार रंगलानी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
प्राथमिक जांच में सिलेंडरों की कालाबाजारी की आशंका जताते हुए प्रशासन ने द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) आदेश 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही 23 इण्डेन व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए।
खाद्य विभाग ने बताया कि जिले में अब तक 34 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 73 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


