महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंद्रपुर में 21 वर्षीय मूकबधिर युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 24 मार्च की सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने अपनी पुत्री पुष्पा अजगल्ले का शव घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। शव पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और एफएसएल टीम व डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पता चला कि मृतका का गांव के ही युवक लोकनाथ पटेल से प्रेम संबंध था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि युवती युवक पर शादी का दबाव बना रही थी।
संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह शादी नहीं करना चाहता था और इसी कारण उसने युवती को बहला-फुसलाकर खेत की ओर ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


