जिला अस्पताल के वाटर कूलर में मरी छिपकलियां मिलने से हड़कंप, सफाई व्यवस्था पर सवाल
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरकारी अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब वाटर कूलर में दो मरी हुई छिपकलियां मिलने का मामला सामने आया। यह वही कूलर था, जिसका पानी मरीजों और उनके परिजन उपयोग कर रहे थे। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और परिसर में धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन हरकत में आया और तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंची। तत्काल वाटर कूलर की सफाई करवाई गई और नया पानी भरवाया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, पानी में इस तरह की गंदगी या मृत जीव मिलने से वह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है, जिससे उल्टी-दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इस घटना ने अस्पताल की सफाई और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश देते हुए सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही है।


