बिलासपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने कोरबा-रायपुर मेमू ट्रेन में ज्वलनशील पदार्थ ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरि कृष्ण कश्यप (28) अकलतरा वार्ड-3 का निवासी है, जिसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
आरपीएफ टीम ने कोटमी सोनार और बिलासपुर के बीच तलाशी अभियान के दौरान युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ा। जांच में उसके पास से लाल रंग का भरा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुआ, जिसे वह सफेद प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर ले जा रहा था। उसके पास सिलेंडर ले जाने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में ज्वलनशील पदार्थ ले जाना प्रतिबंधित है और यह यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 और 164 के तहत कार्रवाई की गई है।
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें, ताकि ऐसी खतरनाक घटनाओं को रोका जा सके।


