इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में स्थित एक स्क्रैप प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। गौरी प्लास्टिक नामक इस गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग के दौरान उठे घने धुएं से आसपास के घरों में रहने वाली महिलाओं को दिक्कत हुई, जिसमें कुछ के बेहोश होने की भी खबर है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब पांच फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।


