जगदलपुर। बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 में 9,800 से अधिक धावकों की रिकॉर्ड भागीदारी ने बस्तर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। ऐतिहासिक लालबाग मैदान से शुरू हुई 42 किमी फुल मैराथन का समापन विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात पर हुआ। आयोजन में 42, 21, 10 और 5 किमी की दौड़ में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
वन मंत्री केदार कश्यप ने इसे बस्तर में शांति और विकास का प्रतीक बताया, जबकि विधायक किरण सिंह देव ने इसे नए युग की शुरुआत कहा। 25 लाख रुपये की इनामी राशि और स्थानीय प्रतिभाओं के लिए विशेष कैटेगरी ने आयोजन को और खास बनाया।
यह मैराथन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि बस्तर में बढ़ती शांति, सामाजिक समावेशिता और विकास की बदलती तस्वीर का मजबूत संदेश बनकर उभरी।


